रतलाम में 6 रुपए महंगा होगा दूध: महंगाई की मार से दूध उत्पादक परेशान, 1 जनवरी 2026 से लागू होंगे नए रेट
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (Ratlam) नए साल की शुरुआत के साथ ही रतलाम शहर में दूध के दाम बढ़ने जा रहे हैं। दूध उत्पादकों ने 1 जनवरी 2026 से दूध के भाव में 6 रुपए प्रति लीटर बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। भाव बढ़ाने के पीछे पशुओं के चारे, खली और अन्य खाद्य सामग्री की लगातार बढ़ती कीमतों को कारण बताया गया है।
सोमवार दोपहर गांवों के दूध उत्पादक कालिका माता मंदिर परिसर में एकत्र हुए, जहां सर्वसम्मति से दूध के भाव बढ़ाने का निर्णय लिया गया। दूध उत्पादकों ने शहर के दूध विक्रेताओं को भी इस निर्णय की सूचना देने की बात कही है।
दूध उत्पादक संघ अध्यक्ष ईश्वर गुर्जर ने बताया कि वर्तमान में गांवों से थोक विक्रेताओं को 54 रुपए प्रति लीटर की दर से दूध दिया जा रहा है, जबकि शहर में यही दूध 58 रुपए लीटर के भाव से बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पशुओं के लिए घास, खली और अन्य आहार सामग्री के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे दूध उत्पादन लागत काफी बढ़ गई है।
ईश्वर गुर्जर सहित अन्य दूध उत्पादक किसानों ने बताया कि अब 1 जनवरी से दूध 60 रुपए प्रति लीटर की दर से दिया जाएगा। इसके चलते शहर में भी उपभोक्ताओं को दूध के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।
हालांकि दूध उत्पादकों और शहर के दूध विक्रेताओं के बीच जल्द ही बैठक कर अंतिम सहमति बनाई जाएगी, लेकिन दूध के दाम बढ़ना लगभग तय माना जा रहा है।




