अब शीत ऋतु में स्कूली विद्यार्थी किसी भी रंग का स्वेटर पहन सकता है

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (Ratlam) कड़ाके की शीतलहर के मद्देनजर स्कूली विद्यार्थियों की स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल ने निर्देश जारी कर कहा है कि प्रदेश के किसी भी स्कूल में सर्दी के मौसम में यूनिफार्म के ऊपर अब कोई भी विद्यार्थी अलग- अलग रंग अथवा डिजाइन के स्वेटर गर्म कपड़े पहन सकेगा। कोई भी विद्यालय ऐसे विद्यार्थियों को प्रवेश से वंचित नहीं करेगा।
संचालक लोक शिक्षण डी.एस कुशवाह के हस्ताक्षर से 18 नवंबर को जारी आदेश में कहा गया की कतिपय प्रकरणों में यह देखने में आया है कि विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा निर्धारित यूनिफॉर्म अथवा सर्दी के मौसम में अलग-अलग रंग अथवा डिजाइन के स्वेटर गर्म कपड़े पहनने के कारण विद्यार्थियों को कक्षा में आने से वंचित कर दिया जाता है। यह निहायत गलत है। यदि सर्दी के मौसम में कोई भी विद्यार्थी गणवेश से अलग रंग के स्वेटर या गर्म कपड़े पहने तो उसे कक्षा में बैठने से नहीं रोका जाए। यदि ऐसा किया जाता है तो संबंधित स्कूल के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के दृष्टिगत यह फैसला लिया गया है। प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, सहायक आयुक्तों को यह आदेश भेजा गया है। जिसकी प्रतिलिपि सभी जिलों के कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को भी दी गई है।




