पुनरीक्षित अंकसूची पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे
जनसुनवाई में आवेदन पर तत्काल हुई कार्यवाही
रतलाम- (Ratlam) जनसुनवाई में गर्ल्स कॉलेज रतलाम की बी.कॉम तृतीय वर्ष की छात्राओं ने सामूहिक रूप से आवेदन देकर बताया कि उच्च शिक्षा विभाग अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2024-25 में विक्रम विश्व विद्यालय की बी.कॉम तृतीय वर्ष की वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित होकर उन्होंने परीक्षा दी थी, किन्तु परीक्षा परिणाम घोषित होने पर हम सभी छात्राओं को इंडियन इकोनॉमी विषय में अनुपस्थित दर्शाया गया। हम सभी छात्राओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उचित कार्यवाही का अनुरोध हैं।
प्राप्त आवेदन पर तत्काल कार्यवाही करते हुए कलेक्टर द्वारा अग्रणी महाविद्यालय के प्राचार्य वाय.के मिश्र को समस्या का समाधान करने के लिए विश्वविद्यालय में संपर्क करने के लिए आदेशित किया गया। प्राचार्य मिश्र द्वारा विश्वविद्यालय में संपर्क कर छात्राओं की समस्याओं से अवगत करवाया गया।
विश्वविद्यालय के संज्ञान में आते ही 26 छात्राओं में से 24 छात्राओं की अंकसूची में तत्काल संशोधन कर दिया गया हैं। छात्राएं अपनी पुनरीक्षित अंकसूची प्राप्त कर सकेगी। दो छात्राओं की अंकसूची में तकनीकी समस्या के कारण संशोधन आज नहीं हो पाया है। कल दिनांक 21 मई को उनकी अंकसूची में भी संशोधन की कार्यवाही कर दी जाएगी। पुनरीक्षित अंकसूची पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। छात्राओं ने कलेक्टर श्री राजेश बाथम एवं पूरी प्रशासनिक टीम को धन्यवाद दिया।




