शहर के पटरी पार क्षेत्र में पानी की किल्लत से उबाल, लक्ष्मणपुरा के रहवासियों एवं कांग्रेस पार्षद ने किया चक्का जाम

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

शहर के पटरी पार क्षेत्र में पानी की किल्लत से उबाल, लक्ष्मणपुरा के रहवासियों एवं कांग्रेस पार्षद ने किया चक्का जाम

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम 

रतलाम- (Ratlam) शहर के पटरी पार क्षेत्र में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। कई दिनों से नलों में पानी नहीं आने से रहवासियों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। शनिवार को वार्ड क्रमांक 2 के लक्ष्मणपुरा क्षेत्र के नागरिकों ने पानी की समस्या को लेकर सड़क पर बैठकर चक्का जाम कर दिया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल रहे। रहवासियों के समर्थन में कांग्रेस पार्षद कविता महावर भी मौके पर पहुंचीं और सड़क पर बैठकर विरोध जताया। इसी दौरान नगर निगम प्रशासन, महापौर एवं विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी नहीं माने रहवासिय-

चक्का जाम की सूचना मिलते ही नगर निगम डिप्टी कमिश्नर करुणेश दंडोतिया, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। डिप्टी कमिश्नर ने शनिवार रात 8 बजे तक नलों से जल प्रदाय शुरू करने का आश्वासन दिया।

पेयजल व्यवस्था के लिए निगम द्वारा दो पानी के टैंकर और एक फायर लॉरी भी मौके पर भेजी गई, लेकिन रहवासियों ने टैंकर का पानी लेने से इनकार कर दिया। लोगों का कहना था कि टैंकर से गंदा और कीचड़ युक्त पानी आ रहा है, जो पीने योग्य नहीं है। रहवासियों ने साफ कहा कि उन्हें नलों से ही साफ पानी चाहिए, क्योंकि वे पिछले 8 दिनों से परेशान हैं।

महापौर को बुलाने पर अड़े रहे रहवासी-

प्रदर्शन के दौरान रहवासी महापौर को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। लोगों का कहना था कि वे सुबह से महापौर को फोन लगा रहे हैं, लेकिन कॉल रिसीव नहीं की जा रही है। रहवासियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक महापौर मौके पर नहीं आएंगे, तब तक वे चक्काजाम खत्म नहीं करेंगे। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन और समझाइश के बाद आखिरकार रहवासी शांत हुए और चक्का जाम समाप्त किया। अधिकारियों ने जल्द समस्या के स्थायी समाधान का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *