मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सीएम राइज स्कूलो का नाम बदलकर सांदीपनि स्कूल करने का किया ऐलान
भोपाल (Bhopal) मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में सीएम राइज स्कूलों का नाम बदलकर सांदीपनि स्कूल करने का ऐलान किया है। शासकीय नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्कूल चलें हम अभियान-2025 कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मंच से सीएम ने कहा, सीएम राइज नाम खटकता है। अंग्रेज चले गए, पर यह मानसिकता तकलीफ देती है। उन्होंने कहा, सही मायने में स्कूल चलें हम अभियान 5000 साल पहले शुरू हो चुका था, जब इसे गुरुकुल कहते थे।
उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने 11 साल की उम्र में कंस का वध किया और फिर शिक्षा के लिए सांदीपनि आश्रम गए, जहां उनकी सुदामा से मित्रता हुई। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से भी श्रीकृष्ण और सुदामा जैसा रिश्ता बनाने की अपील की।
तत्कालीन सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सरकारी स्कूलों की छवि सुधारने के लिए 10 किमी क्षेत्र के स्कूलों को मर्ज कर बड़ा स्कूल बनाने की योजना बनाई थी। 2021-22 में यह स्कूल सरकार के ड्रीम स्कूल के रूप में शुरू हुए, इसलिए सीएम शब्द जोड़ा गया, जबकि राइज शब्द (आर फॉर रिस्पेक्ट, आई फॉर इंटीग्रेटेड, एस फॉर स्ट्रेंथ, ई फॉर एक्सीलेंस) जोड़ने के पीछे कारण था कि यह सारी क्वालिटी इन स्कूलों के बच्चों में हों।
प्रदेश में वर्तमान में 365 सीएम राइज स्कूल संचालित हो रहे हैं। इनमें 90 ट्राइबल स्कूल हैं और 275 शिक्षा विभाग के हैं। इस योजना के तहत भोपाल के आठ स्कूलों को शामिल किया था। सीएम राइज स्कूलों में 4.75 लाख विद्यार्थी हैं। प्रदेश के ऐसे 9,200 स्कूल तैयार करने का प्लान है। 2021-22 में इनको शुरू किया गया था।




