विधायक डोडियार ने सैलाना-बाजना के परीक्षा परिणाम का उठाया मुद्दा
19/Mar/2025
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar भोपाल/रतलाम
भोपाल/रतलाम (bhopal, Ratlam,mp)- रतलाम जिले के सैलाना एवं बाजना विकासखंड में हाल ही में जारी कक्षा 9 वीं एवं 11 वीं के परीक्षा परिणाम बहुत घटिया रहा है। दोनों विकासखंडों में उत्तीर्ण प्रतिशत करीब 40 रहा है। जो जिले में सबसे कम है। विधानसभा क्षेत्र के बिगड़े परीक्षा परिणाम का मुद्दा सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने विधानसभा में उठाया है।
विधायक डोडियार ने सदन में कहा कि आदिवासी अंचल में जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों में ज़्यादातर शिक्षकों के पद खाली है। वही उपलब्ध शिक्षको को छात्रावास अधीक्षक बना दिया जा रहा है। ऐसे में जो नाम मात्र के शिक्षक होते है। उनसे पढ़ाने की जगह गैर शैक्षणिक कार्य करवाए जाते है। नियमित रूप से विषय वार अध्यापन न करवाते हुए। विद्यार्थियों की पढ़ाई को बुरी तरह से प्रभावित किया जा रहा हैं। जिसका दुष्परिणाम चालू शिक्षण सत्र के हाल ही में घोषित कक्षा 9वीं एवं 11वीं के परीक्षा परिणामों में देखा जा सकता हैं।
विधायक डोडियार ने यह भी कहा कि सैलाना विधानसभा में बहुत से शिक्षकों को छात्रावास अधीक्षक बनाए गए हैं। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के छात्रावासों में स्थाई छात्रावास अधीक्षक की नियुक्ति कराई जाकर शिक्षा के क्षेत्र में सुधार किया जावें।




