जावरा विधानसभा में ग्रीष्म ऋतु में पेयजल समस्या के निराकरण के लिए करोड़ों रुपये की लागत से 55 स्थानों पर बनाई कार्य योजना
18/Mar/2025
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम (Ratlam,mp)- रतलाम जिले के जावरा विधानसभा क्षेत्र में ग्रीष्म ऋतु में पेयजल समस्या के निराकरण के लिए डेढ़ करोड़ की लागत से 55 स्थानों पर कार्ययोजना बनाई है।
विगत पांच वर्ष में जिले में उद्यानिकी विभाग ने 33 करोड़ 64 लाख रु की राशि विभिन्न योजनाओं में स्वीकृत की गई। जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के प्रश्नों के उत्तर विभिन्न मंत्रियों ने दिए हैं। विधायक डॉ. पांडेय के जावरा विधानसभा क्षेत्र की पेयजल योजनाओं संबंधी प्रश्न पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उईके ने जानकारी देते हुए बताया कि जावरा विधानसभा क्षेत्र में विगत चार वर्षों में 76 करोड़ 94 लाख रुपए की लागत से 600 स्थानों पर पेयजल योजना स्वीकृत की गई है।
इन कार्यो में ग्रामीण क्षेत्र में नल-जल योजना, आंगनबाड़ी व स्कूलों में पेयजल व्यवस्था के कार्य शामिल है। इसके अलावा 2017 करोड़ की समूह जल प्रदाय योजना की स्वीकृति दी गई जो 165 ग्रामो में पेयजल व्यवस्था की जाएगी। जावरा विधानसभा क्षेत्र में ग्रीष्म ऋतु में पेयजल संकट के निराकरण के लिए 55 स्थानों पर एक करोड़ 58 लाख रुपए की कार्य योजना बनाई गई है। क्षेत्र में इन पेयजल योजनाओं में अनियमितता करने पर 3 ब्लैक लिस्टेड ठेकेदारों के विरुद्ध कार्यवाही की गई है।
जावरा विधायक डॉ. पांडेय के प्रश्न पर उद्यानिकी व खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में विगत पांच वर्षों में शासन ने 33 करोड़ 64 लाख रु की राशि विभिन्न योजनाओं में स्वीकृत किये है।जिले में 6 शासकीय व 15 निजी नर्सरियों के माध्यम से उद्यानिकी फसलों के लिए पौधे प्रदान किये जा रहे है। बीते 4 वर्षों में विभाग के माध्यम से अमरूद ,संतरे, स्ट्राबेरी, ड्रेगन फ्रूट की खेती के अलावा सब्जियों व फूलो की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा। इसके अलावा रियावन लहसुन को जीआई टेग मिला। जावरा विधायक डॉ पांडेय के प्रश्न पर जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने बताया कि जावरा विधानसभा क्षेत्र में विगत पांच वर्षों में 13 स्थानों पर लगभग एक करोड़ रुपए की राशि बस्ती विकास कार्य स्वीकृत किये।विगत वर्षों में विधानसभा क्षेत्र के 35 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 34 लाख रु अनुदान राशि प्रदान की गई।




