सैलाना में एक पारिवारिक विवाद के दौरान पत्नी के हाथ से पति को लगा चाकू
घायल पति को उपचार के लिए जिला अस्पताल किया रेफर, पुलिस ने आगे की जांच की शुरु, कुरकुरे लाने की बात से शुरू हुआ था “विवाद”
रतलाम- (Ratlam) जिले के सैलाना नगर में एक पारिवारिक विवाद में आपसी खींचतान के दौरान एक पत्नी के हाथ से पति को चाकू लग गया। मामला उनके तीन वर्षीय बच्चे के कुरकुरे लाने की बात से शुरू हुआ था। इस पारिवारिक झगड़े का मामला सैलाना पुलिस थाने तक पहुंच गया। बाद में पति को सैलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार उपरांत जिला चिकित्सालय रतलाम रेफर किया गया है।
थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह गडरिया ने बताया कि शुक्रवार को सैलाना के मस्जिद चौराहा कालिका माता रोड़ निवासी फिरोज पिता रहमत हुसैन उम्र (32) वर्षीय का उनके तीन वर्षीय बच्चे के कुरकुरे लाने की बात पर अपनी पत्नी मुस्कान बी उम्र (30) वर्षीय से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया की पत्नी ने अपने हाथ में चाकू ले लिया। पति को लगा कि वो अपने हाथ की नस काट रही है। उसने चाकू पड़ा। इस दौरान छीना झपटी में पति के हाथ में चाकू लग गया।
पति को सैलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिजन ले गए। वहां से उसे रतलाम जिला चिकित्सालय में रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घरेलू विवाद का परिणाम ही नजर आ रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस आगे की जांच में जुट गई है। दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की विधिवत कार्रवाई की जाएगी।




