इंदौर मैच से पहले विराट कोहली और कुलदीप यादव ने महाकाल के दरबार में टेका माथा

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

इंदौर मैच से पहले विराट कोहली और कुलदीप यादव ने महाकाल के दरबार में टेका माथा

 

भस्म आरती में शामिल होकर टीम इंडिया की जीत के लिए की प्रार्थना

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar उज्जैन

उज्जैन- (ujjain) न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर में होने वाले अहम क्रिकेट मुकाबले से पहले टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी आध्यात्मिक रंग में नजर आए। शनिवार तड़के भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में भस्म आरती में भाग लेकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।

सुबह करीब चार बजे दोनों खिलाड़ी मंदिर परिसर पहुंचे और अलौकिक भस्म आरती के साक्षी बने। विराट कोहली और कुलदीप यादव ने नंदी हॉल में लगभग दो घंटे तक बैठकर श्रद्धा भाव से आरती देखी और भगवान महाकाल का स्मरण किया। विराट के मस्तक पर चंदन का त्रिपुंड श्रद्धा का प्रतीक बना रहा। भस्म आरती के दौरान मंत्रोच्चार, ढोल-नगाड़ों और शंखनाद से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। आरती संपन्न होने के बाद दोनों खिलाड़ियों ने नंदी जी का पूजन किया और गर्भगृह के बाहर से बाबा महाकाल के दर्शन कर देश और टीम इंडिया की सफलता की कामना की।

महाकाल मंदिर समिति की ओर से विराट कोहली और कुलदीप यादव का पारंपरिक रूप से सम्मान भी किया गया। दर्शन के बाद कुलदीप यादव ने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में कहा कि महाकाल के दरबार में आकर उन्हें गहरी शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ। उल्लेखनीय है कि यह पहली बार नहीं है जब विराट कोहली और कुलदीप यादव महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे हों। इससे पहले भी दोनों खिलाड़ी यहां दर्शन कर चुके हैं। इंदौर में होने वाले मुकाबले से पहले टीम इंडिया के कई खिलाड़ी आध्यात्मिक आस्था के तहत महाकाल के दर्शन कर रहे हैं। इससे पहले केएल राहुल और गौतम गंभीर भी बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने उज्जैन पहुंच चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *