बिलपांक पुलिस ने अवैध शराब के साथ बोलोरो पिकअप की जप्त
रतलाम- (Ratlam) जिले बिलपांक थाना क्षेत्र के धराड़ थाना चौकी पुलिस ने 50 पेटी अवैध शराब के साथ बोलोरो पिकअप वाहन की जप्ती की है।
रतलाम जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा, विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटन वाला के मार्ग दर्शन तथा थाना प्रभारी बिलपांक अय्यूब खान के नेतृत्व में पुलिस चौकी धराड़ एवं साइबर सेल टीम द्वारा संयुक्त कार्यवाही करते हुए अवैध शराब जप्त की गई। सोमवार को शाम को पुलिस सहायता केंद्र धराड़ पर ड्यूटी के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सफेद रंग की बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक MP-43 JZ-0483 में दो व्यक्ति अवैध शराब व बियर लेकर नलकुई–भाटीबड़ौदिया रोड पर खड़े हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी को अवगत कराकर तत्काल कार्रवाई की गई। मौके पर पहुंचने पर पुलिस टीम को देखते ही वाहन चालक व उसका साथी वाहन लेकर भागे, किंतु पीछा करने पर वाहन को नलकुई गांव पार कर कच्चे रास्ते पर रोका गया। इस दौरान दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें कुल 30 पेटी देशी प्लेन शराब, 06 पेटी देशी मसाला शराब, 14 पेटी पावर बियर कुल 50 पेटी ( 464 बल्क लीटर) अवैध शराब पाई गई। वाहन चालक व उसके साथी के विरुद्ध थाना बिलपांक में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।




