सैलाना नगर में सोमवार को बोहरा समाज के 53 वें धर्मगुरु की पलक पावड़े बिछाकर की आगवानी
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम, कृष्णकांत मालवीय सैलाना।
रतलाम- (Ratlam) जिले के सैलाना नगर में सोमवार शाम को दाऊदी बोहरा समाज के 53 वें धर्मगुरु हिज होलीनेस डॉक्टर सैंयदना मुफद्दल सैफुद्दीन जी आगमन पूरे जोश व धूम धड़ाके से हुआ। बोहरा समाजजन सहित नगर वासियों ने पलक पावड़े बिछाकर डॉक्टर सैंयदना साहब की अगवानी की। बोहरा समाजजनों ने नगर को दुल्हन की तरह सजाया। जगह- जगह आकर्षक विद्युत सज्जा के बीच उनकी आगवानी में समाजजन उमड़ पड़े। जैसे ही अपने काफिले के साथ राजवाड़ा चौक स्थित एक निवास पर सैंयदना साहब उतरे वैसे ही समाजजनों में उनके दीदार की होड़ मच गई। अपने धर्मगुरु का आशीर्वाद लेने के लिए बोहरा समाज का बच्चा-बच्चा और हर एक शख्स आतुर नजर आया।
दो दिवसीय प्रवास पर है वे सैलाना-
अपने निर्धारित समय से लगभग डेढ़ घंटे की देरी से सैलाना पहुंचे। डॉक्टर सैंयदना साहब का काफिला जब रतलाम से सैलाना की ओर आया तब न केवल बोहरा समाजजन, बल्कि सर्व समाज के लोग उनके दीदार के लिए उमड़ पड़े। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत, नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला आदि ने राजवाड़ा चौक पर पहुंचने के पूर्व सड़क के दाएं और खड़े होकर पुष्प वर्षा कर डॉक्टर सैयदना साहब का स्वागत अभिनंदन किया। मंडल भाजपा अध्यक्ष पंकज राठौर, वरिष्ठ भाजपा पार्षद विशाल धभाई, ललित चंडालिया आदि ने भी पुष्प वर्षा कर समाज के सर्वोच्च धर्म गुरु का स्वागत अभिनंदन किया।
लगभग पूरा शहर गोया उनके दीदार व आगवानी के लिए उमड़ पड़ा। बोहरा समाज की व्यापक तैयारी के बीच नगर में दीपोत्सव जैसा माहौल नजर आया। शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात थी। उनकी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम में कोई चूक ना हो जाए। इसके लिए प्रशासन व पुलिस प्रशासन पूर्णत: चौकस नजर आया।
अनेक घरों में पहुंचेंगे धर्मगुरु-
सोमवार और मंगलवार को अपने दो दिवसीय प्रवास पर बोहरा समाज के सर्वोच्च धर्मगुरु समाज के अनेक घरों में पहुंचकर कुछ मिनट के लिए अपने दीदार देंगे व आशीर्वचन देंगे। व घर-घर पहुंचकर राष्ट्र प्रेम और अपने वतन के प्रेम का संदेश भी समाज जनों को देंगे। पूर्णतः शांतिप्रिय इस कौम का जज्बा देख शहर के हर नागरिक ने इनकी व्यवस्थाओं, परंपराओं, जज्बे को सराहा। राजवाड़ा चौक, सदर बाजार, बोहराबाखल सहित सारा नगर दुल्हन की तरह सजा हुआ नजर आया। इन दो दिनों में अनेक लोगों ने अपना कारोबार लगभग बंद रखकर बोहरा समाजजनों की कर्तव्य परायणता व माकूल इंतजामात का जायजा लिया व उनकी गतिविधियों को सराहा।
मंगलवार का दिन भी रहेगा व्यस्ततम-
सोमवार से लगाकर मंगलवार का दिन भी सैलाना के लिए व्यस्ततम दिनों में से एक रहेगा। अनेक पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे। इन दोनों दिनों में डॉक्टर सैंयदना साहब अनेक घरों में जाकर शांति और प्रेम का संदेश देंगे। इस दौरान बाहर के अनेक शहरों से भी आए बोहरा समाजजन के इंतजाम भी स्थानीय बोहरा समाज जनों ने किए हैं। झक्क सफेद परिधान में बच्चों से लगाकर बुढो तक की बोहरा समाजजन की गतिविधियां काफी मोहक लग रही है।
7 जोड़ो का निकाह भी संपन्न-
बोहरा समाज के धर्मगुरु के सानिध्य में सोमवार को बोहरा मस्जिद में सात जोड़ो का निकाह भी विधि विधान और सामाजिक रीति से सम्पन्न हुआ। परिण्यसूत्र में बंधे जोड़े इस अवसर पर खुशी से झूम उठे। ये उनके जीवनकाल का सबसे स्वर्णिम अवसर रहा।




