नशा निवारण जन जागरूकता के लिए 26 जून तक होगा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

नशा निवारण जन जागरूकता के लिए 26 जून तक होगा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन

रतलाम- (Ratlam) जिला स्तरीय नशामुक्ति समिति की बैठक में अधिकारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई कि हम आज नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एक जुट होकर प्रतिज्ञा करते हैं कि न केवल समुदाय, परिवार, मित्र, बल्कि स्वयं को भी नशामुक्त करेंगे क्योंकि बदलाव की शुरुआत पहले स्वयं से होनी चाहिए। इसलिए आइए हम सब मिलकर अपने रतलाम को नशामुक्त कराने का दृढ निश्चय करें। मैं प्रतिज्ञा करता हूँ कि अपने देश को नशामुक्त करने के लिए अपनी क्षमता के अनुसार हर सम्भव प्रयास करूँगा, साथ ही नशामुक्ति हेल्पलाइन 14446 के प्रचार प्रसार के लिए पंपप्लेट व स्टीकर का विमोचन भी किया गया।

बैठक में कलेक्टर राजेश बाथम ने निर्देशित किया कि 26 जून अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस तक जिले में मद्यपान एवं मादक पदार्थो, नशीली दवाईयो, शराब एवं विभिन्न प्रकार के नशे से होने वाले दुष्परिणामो से समाज, युवाओं, छात्र-छात्राओं, आमजन को अवगत कराकर उनमें जागरूकता लाने के लिए जनजागरूकता कार्यक्रमो का आयोजन किया जायेगा। नशा मुक्त भारत अभियान अन्तर्गत शैक्षणिक संस्थाओं में चित्रकला निबंध, लेखन, भाषण, रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन, आनलाइन एवं ऑफलाइन शपथ लेकर विद्यालय के 100 मीटर के दायरे में तम्बाकू उत्पादों के विक्रय पर प्रतिबंध की कार्यवाही की जायेगी।‌

15 से 21 जून तक जन जागरूकता, सेमिनार, वेबीनार स्कूलो एवं कालेज में, स्वस्थ्य हो चुके उपयोगकर्ता के साथ कार्यशाला का आयोजन किया जायेगा। वहीं 22 से 26 जून तक सभी शासकीय कार्यालयो, शैक्षणिक संस्थाओं एवं हाट स्पॉट क्षेत्र में जागरूकता रैलियो, स्लोगन और बैनर के साथ हस्ताक्षर अभियान, जागरूकता वाहन रैली, नुक्कड़ नाटक, फलैश मॉब का आयोजन, शासकीय, सार्वजनिक स्थानो पर नशामुक्ति संदेश द्वारा प्रचार-प्रसार सामग्री उपलब्ध कराना एवं कार्यक्रमो, गतिविधियो का आयोजन कराना, शार्ट वीडियों एवं रील प्रतियोगिता का आयोजन, आनलाईन प्रश्नोत्तरी एवं नशे पर आधारित जनजागरूकता प्रतियोगिताएं आयोजित की जाए। समस्त गतिविधियों को एप पर अपलोड किया जाए।

बैठक में नशा मुक्ति जिला नोडल अधिकारी रत्नेश विजयवर्गीय द्वारा जिले में नशा मुक्ति से संबंधित आयोजित गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की दी गई। आयोजित बैठक में अपर कलेक्टर डॉ शालिनी श्रीवास्तव, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रतलाम शहर, रतलाम ग्रामीण डिप्टी कलेक्टर, जिला आबकारी अधिकारी, जिला महिला बाल विकास अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिले के अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में आभार उपसंचालक सामाजिक न्याय संध्या शर्मा द्वारा व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *