रतलाम पब्लिक स्कूल में सेना दिवस पर 1971 के कारगिल युद्ध के वीरों का भव्य सम्मान
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (Ratlam) भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को समर्पित सेना दिवस के अवसर पर गुरुवार को रतलाम पब्लिक स्कूल (RPS) परिसर में गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में RPS आर्मी विंग ‘शक्ति सेना’ द्वारा 1971 के भारत-पाक युद्ध, कारगिल युद्ध, विशेष अभियानों एवं शांति मिशनों में सेवा दे चुके पूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका एवं प्राचार्या डॉ. संयोगिता सिंह तथा उप-प्राचार्य डॉ. मयंक झालानी ने सभी आमंत्रित पूर्व सैनिकों का भारतीय परंपरा के अनुरूप शॉल एवं श्रीफल भेंट कर अभिनंदन किया। समारोह में 1971 के भारत-पाक युद्ध के साक्षी रहे Sub Major महेंद्र सिंह, Nb/Sub वी. के. त्रिपाठी एवं MWO डी. आर. परमार के साथ कारगिल युद्ध एवं विशेष अभियानों के वीर Sub Major टी. आर. वर्मा, Nb/Sub सुरेंद्र सिंह एवं Naik गोपाल सिंह की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गौरवपूर्ण बना दिया।
इसके अतिरिक्त IPKF शांति मिशन एवं तकनीकी सेवाओं में योगदान देने वाले हवलदार विक्रम वाघेला, नायक अजीत सिंह, नायक एस. पी. उपाध्याय, पूर्व नायक नवीन देवड़ा तथा भारतीय वायुसेना के पूर्व सार्जेंट मनीष राव चव्हाण का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में Sub Major जयपाल सिंह, Sub सरताज आलम, हवलदार कुशल कुमार, नायक अज़ीज़ खान, हवलदार महेंद्र सिंह, नायक प्रवीण कुमार शर्मा, नायक कपिल वाघेला एवं हवलदार प्रेम प्रकाश शर्मा की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया।
अंत में विद्यालय की प्राचार्या डॉ. संयोगिता सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेना दिवस पर इन वीर सैनिकों का सानिध्य मिलना विद्यालय परिवार के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि 1971 की विजयगाथा से लेकर कारगिल की चोटियों तक इन जांबाजों का अनुशासित और समर्पित जीवन विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रभक्ति की सच्ची पाठशाला है। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘भारतीय सेना अमर रहे’ के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम का संचालन सचिन पालीवाल द्वारा किया गया।




