रतलाम के डीमार्ट परिसर में भूकंप आपदा से निपटने के लिए NDRF–SDRF की संयुक्त मॉक ड्रिल
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (Ratlam) जिला कलेक्टर मिशा सिंह के मार्ग दर्शन में जिला प्रशासन रतलाम द्वारा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) एवं राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) के सहयोग से भूकंप जैसी आपदा से निपटने की तैयारियों के परीक्षण हेतु रतलाम नगर स्थित डीमार्ट परिसर में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
मॉक ड्रिल का संचालन 11वीं बटालियन NDRF वाराणसी के प्रभारी डिप्टी कमांडेंट राम भवन सिंह यादव एवं SDRF प्रभारी डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट रोशनी बिलवाल के नेतृत्व में किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान किए गए प्रमुख रेस्क्यू अभ्यास-
SDRF टीम द्वारा डीमार्ट की साइड दीवार के पास फंसे घायल व्यक्तियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। NDRF एवं SDRF की संयुक्त टीम द्वारा इंसार्ज मार्किंग कर दीवार को काटते हुए अंदर फंसे विक्टिम को सुरक्षित बाहर निकाला गया। NDRF एवं SDRF टीम द्वारा भवन के ऊपरी हिस्से में फंसे व्यक्तियों को रोप रेस्क्यू तकनीक के माध्यम से सुरक्षित नीचे उतारा गया। मॉक ड्रिल के दौरान रेस्क्यू, राहत, प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी तथा विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय की प्रक्रियाओं का सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया।
यह रहे मौजूद-
इस अवसर पर अपर जिला दण्डाधिकारी डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा, नगर निगम आयुक्त अनिल भाना, एसडीएम आर्ची हरित, तहसीलदार ऋषभ ठाकुर सहित स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने बताया कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल का उद्देश्य सभी संबंधित विभागों की तत्परता सुनिश्चित करना तथा आमजन को आपदा के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना है। मॉक ड्रिल के दौरान एनसीसी, सिविल डिफेंस के सदस्य एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक भी उपस्थित रहे और उन्होंने रेस्क्यू कार्यों को करीब से देखा।




