रतलाम में नाबालिग को पुरानी रंजिश के चलते चार नाबालिगों ने घेर कर चाकू से किया हमला

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

रतलाम में नाबालिग को पुरानी रंजिश के चलते चार नाबालिगों ने घेर कर चाकू से किया हमला

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम, सीटी रिपोर्टर मोहित शर्मा

रतलाम- (Ratlam) थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत विनोबा नगर में बुधवार रात दोस्तों के साथ चाय पीने कैफे पहुंचे एक किशोर पर नाबालिगों के एक समूह ने चाकू से हमला कर दिया।

इस हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। घायल की पहचान अल्कापुरी निवासी 17 वर्षीय गौतम पुत्र भगवतीलाल गोयल के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में चार नाबालिग आरोपियों सहित उनके अन्य साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर लिया है।

कैफे बुलाने के बहाने हमला-

गौतम के दोस्त अल्कापुरी निवासी रेहान उर्फ सोनू ने पुलिस को बताया कि वह अपने मित्र मयंक रजवाडिया के साथ गौतम के घर पर मौजूद था। इसी दौरान गौतम ने बताया कि विनोबा नगर स्थित एक कैफे पर उसके एक दोस्त ने चाय पीने के लिए बुलाया है। इसके बाद तीनों पैदल विनोबा नगर श्मशान घाट के सामने पहुंचे, जहां पहले से मौजूद नाबालिगों के समूह ने गौतम पर चाकू से हमला कर दिया।

पुरानी रंजिश की आशंका-

पुलिस प्रारंभिक जांच में घटना को पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है, हालांकि घायल गौतम के पिता ने किसी भी प्रकार की रंजिश से साफ इंकार किया है।

एक नाबालिग हिरासत में-

औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने बताया कि चार नाबालिगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया है, जिससे अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

चाकूबाजी पर सख्ती के बावजूद घटनाएं जारी-

शहर में पुलिस द्वारा चाकूबाजी की घटनाओं पर लगातार सख्ती बरती जा रही है, इसके बावजूद बदमाश बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जो कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *