सैलाना नगर मे सार्वजनिक श्री गणेश मंदिर मित्र मंडल ने 3 क्विंटल खिचड़ी की प्रसादी करी वितरित
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (Ratlam) महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर शनिवार को सैलाना नगर में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर सार्वजनिक श्री गणेश मंदिर मित्र मंडल द्वारा रतलाम से सैलाना में आई छड़ी यात्रा का भव्य स्वागत 3 क्विंटल खिचड़ी की प्रसादी वितरित कर किया गया। प्रसादी वितरण के दौरान श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया।
मित्र मंडल के सदस्यों ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी शिवरात्रि के एक दिन पूर्व छड़ी यात्रियों के लिए खिचड़ी की प्रसादी रखी गई। इसके साथ ही भजन संध्या में भजन गायकों द्वारा भोले बाबा, खाटू श्याम एवं सांवरिया सेठ के सुमधुर और भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिस पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। भक्ति रस से ओत-प्रोत इन भजनों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और देर रात तक भजन संध्या चलती रही।
कार्यक्रम के अंत में मंडल के पदाधिकारियों ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों, भक्तों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन में सेवा, भक्ति और सामाजिक समरसता का सुंदर संगम देखने को मिला।




