सैलाना कृषि उपज मंडी परिसर में भावांतर भुगतान योजना अंतर्गत मुख्यमंत्री का कृषकों को दिखाया सीधा प्रसारण

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- मध्य प्रदेश शासन की भावांतर भुगतान योजना अंतर्गत मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव द्वारा देवास में आयोजित एक क्लिक के माध्यम से कृषकों को लाभ वितरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सैलाना नगर की कृषि उपज मंडी परिसर में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष कैलाशी चारेल रहीं। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष पंकज राठौर, एसडीएम तरुण जैन, मंडी सचिव रूमान सिंह भयड़िया, व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष इंद्रेश चंडालिया, शैतान सिंह पटेल, देवचंद पाटीदार, भूपेंद्र जायसवाल, ललित चंडालिया, नवनीत मेहता सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं कृषक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने देवास से प्रदेश के किसानों को भावांतर योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की। इस योजना का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना एवं कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाना है। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष कैलाशी चारेल ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। भावांतर भुगतान योजना से किसानों को उपज का उचित दाम सुनिश्चित हुआ है, जिससे कृषि क्षेत्र में स्थिरता आई है। उन्होंने किसानों से नई कृषि तकनीक अपनाने और शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में मंडी सचिव रूमान सिंह भयड़िया ने उपस्थित अतिथियों एवं कृषकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की इस योजना से किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिली है और भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे। सैलाना मंडी में प्रसारण के दौरान उपस्थित किसानों ने मुख्यमंत्री एवं शासन के प्रयासों की सराहना की और योजना को किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।




