रतलाम में देह व्यापार का खुलासा, दंपती गिरफ्तार पश्चिम बंगाल की युवती से जबरन कराया जा रहा था, देह व्यापार
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (Ratlam) शहर के अलकापुरी क्षेत्र में पुलिस ने एक घर में चल रहे देह व्यापार के अड्डे का खुलासा किया है। कार्रवाई में पुलिस ने देह व्यापार करवाने वाले एक दंपती को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला को जेल भेज दिया गया है, जबकि उसके पति को न्यायालय से एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार पश्चिम बंगाल की 21 वर्षीय युवती काम की तलाश में रतलाम आई थी। लेकिन आरोपी दंपती ने उसे धोखे से देह व्यापार में धकेल दिया। पीड़िता ने बताया कि उसके माता-पिता का निधन हो चुका है और वह दिल्ली में मंदिरों में रहकर जीवन यापन कर रही थी। खाटू श्याम दर्शन के दौरान उसकी मुलाकात एक बुजुर्ग से हुई थी। जिसने काम दिलाने का भरोसा देकर रतलाम निवासी सविता आडवानी का मोबाइल नंबर दिया। बताया गया कि 7 जनवरी को युवती दिल्ली से ट्रेन द्वारा रतलाम पहुंची। जहां सविता उसे स्टेशन से अपने साथ ले गई। घर लाकर उससे देह व्यापार करवाया गया और 7 से 11 जनवरी तक उसे बाहर जाने नहीं दिया गया। कोर्ट में युवती के बयान दर्ज कराए गए हैं और फिलहाल उसे वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है।
मोबाइल में मिली अन्य लड़कियों की तस्वीरें-
पुलिस जांच में आरोपी दंपती के मोबाइल फोन से कई अन्य लड़कियों की तस्वीरें भी मिली हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ग्राहकों से 1000 से 1500 रुपये तक वसूले जाते थे। घर के दो कमरों में अलग-अलग बेड लगाए गए थे।
फर्जी ग्राहक बनकर की कार्रवाई-
औद्योगिक थाना पुलिस को सूचना मिलने के बाद रविवार शाम अलकापुरी स्थित ‘रामकुटी’ लिखे मकान पर दबिश दी गई। कार्रवाई से पहले पुलिस ने एक फर्जी ग्राहक भेजा। जैसे ही आरोपी अशोक कुमार ने पैसे लेकर पत्नी सविता को दिए, पुलिस ने तत्काल छापा मारकर दोनों को पकड़ लिया।
थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी के अनुसार महिला आरोपी को जेल भेज दिया गया है, जबकि पति से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं।




