जावरा में घर के सामने अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठा परिवार
12/Feb/2025
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम (Ratlam,mp)- जिले के जावरा एसडीएम कार्यालय के बाहर एक महिला अपने पूरे परिवार के साथ जनसुनवाई के दौरान धरने पर बैठी हुई नजर आई। घर के सामने किए गए अतिक्रमण हटाने की मांग प्रशासन से की थी। लेकिन अभी तक कोई निराकरण नहीं हो पाया है। जिससे महिला जनसुनवाई के दौरान एसडीएम कार्यालय के बाहर परिवार के साथ धरने पर बैठने को मजबूर हो गई।
जावरा के नया मालीपुरा निवासी प्रियंका पति भेरूलाल पोरवाल ने बताया की रसूखदार व्यक्ति ने पूर्व में भी उनके घर के सामने की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर रखा था। इसकी पूर्व में शिकायत की जा चुकी है। लेकिन प्रशासन और नगर पालिका अमले ने लीपापोती करके शिकायत को खत्म कर दिया था। रसूखदार ने दीवार खड़ी कर दी। जिससे उन्हें अपने घर से जाने और घर आने में काफी परेशानीयो का सामना करना पड़ रहा है। यदि अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है तो वह धरने पर बैठेगी। बाद में प्रशासन ने आश्वासन के बाद यह परिवार एसडीएम कार्यालय के सामने से उठा।
इस पूरे ही मामले में जावरा तहसीलदार संदीप इवने ने कहा की मामले में एक बार फिर से दल गठित कर दिया गया है। मामले की पूरी जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।




