मुख्यमंत्री के आगमन की संभावना के मद्देनजर कलेक्टर, एसपी ने किया सैलाना का दौरा, प्रशासनिक महकमा चौकस

रतलाम- (Ratlam) मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शुक्रवार के संभावित दौरे के मद्देनजर सैलाना में दिनभर प्रशासनिक हलचल रही। दिनभर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने सैलाना में हेलीपैड स्थल देखा व क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों का भ्रमण कर काश्तकारों की खराब हो चुकी फसलों का मुआयना कर उनसे चर्चा की। मुख्यमंत्री के आगमन पर पूरी तरह व्यवस्थाएं चाक चौबंद रहे इसके लिए प्रशासन तंत्र ने कमर कस ली है।
ये अधिकारी आए-
शाम 4:00 बजे कलेक्टर राजेश बाथम एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने आकर बालक हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान का मुआयना किया। जहां पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का हेलीकॉप्टर उतरना तय है। तत्पश्चात वे सदल बल ग्रामीण अंचल की और कूच कर गए। कलेक्टर एसपी के साथ एडीएम शालिनी श्रीवास्तव, एडिशनल एसपी राकेश खाखा, सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल, सैलाना तहसीलदार कुलभूषण शर्मा, सैलाना थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह गडरिया सैलाना नगर परिषद सीएमओ मनोज शर्मा, विद्युत वितरण कंपनी के कनिष्ठ अभियंता एस.के. रायकवार सहित प्रशासनिक व पुलिस प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारियों का दल शामिल था।
दो-तीन दिन से चल रही हलचल-
इससे पूर्व बुधवार को भी मुख्यमंत्री के आने की संभावना के मद्देनजर प्रशासनिक महकमा पूरी तरह चौकस रहा। उस दिन भी कलेक्टर एसपी ने सैलाना का भ्रमण कर स्थितियों का जायजा लिया था। पर बाद में ऐन वक्त पर मुख्यमंत्री का आना निरस्त हो गया। इसी प्रकार फिर से शुक्रवार को मुख्यमंत्री के आने के कयास लग रहे हैं। प्रशासनिक अमला चौकस है। देखना यह है कि इस बार मुख्यमंत्री आते हैं या उनका दौरा पूर्व की तरह निरस्त हो जाता है। बहरहाल क्षेत्र के पीड़ित किसान टककी लगाए मुख्यमंत्री के आगमन की बाट जोह रहे हैं। बीते दो-तीन दिन से जिले के व क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी खेतों में घूम-घूम कर किसानों से चर्चा कर उनके नुकसानी का आकलन कर उन्हें फिलहाल बातों से ही राहत देने की कोशिश कर रहे हैं। बाकी मुआवजा तो संभवत मुख्यमंत्री के आगमन पर ही मिलेगी।




