ग्राम सरसी निवासी कन्हैया लाल धाकड़ की मृत्यु के कारणों की जांच एएसपी को सौंपी
एएसपी के नेतृत्व में गठित एस आई टी द्वारा घटना स्थल का किया निरीक्षण
रतलाम- (Ratlam) जिले के जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत ग्राम सरसी निवासी कन्हैयालाल धाकड़ की मृत्यु के संबंध में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जावरा नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। प्रकरण की गंभीरता के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक द्वारा एस आई टी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा के नेतृत्व में और अधिक विस्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को घटना के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर प्रकरण में आवश्यक कार्यवाही करने एवं प्रकरण का यथा शीघ्र निराकरण करने के निर्देश टीम को दिए गए है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा के नेतृत्व में गठित टीम में नगर पुलिस अधीक्षक जावरा दुर्गेश आर्मो, निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान, निरीक्षक जितेंद्र सिंह जादौन, निरीक्षक अयूब खान, सहित सीसीटीवी, तकनीकी सेल के सदस्यों को सम्मिलित किया गया है।
विशेष जांच टीम के साथ एएसपी खाखा द्वारा शुक्रवार को घटना स्थल का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया गया। फॉरेंसिक अधिकारी, तकनीकी टीम एवं सीसीटीवी टीम द्वारा सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस टीम द्वारा शीघ्र ही पर्याप्त साक्ष्य एकत्रित कर यथाशीघ्र सभी तथ्यों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।




