कन्या शिक्षा परिसर की छात्राओं ने माही परियोजना का किया अवलोकन
11/Jan/2025
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम (Ratlam,mp)- ऊर्जा को न तो उत्पन्न किया जा सकता है, न ही नष्ट किया जा सकता। इसे एक रूप से दूसरे रूप में बदला जा सकता है। ऊर्जा अविनाशिता के सिद्धांत को कन्या शिक्षा परिसर रतलाम की छात्राओं ने अपने सामने साकार होते देखा और ऊर्जा के विभिन्न चरणों को समझा। शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय कन्या शिक्षा परिसर की बालिकाओं ने माही परियोजना जल विद्युत उत्पादन संयंत्र बांसवाड़ा का भ्रमण कर विद्युत उत्पादन प्रणाली का अवलोकन किया। जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त रंजना सिंह के मार्ग दर्शन एवं संस्था प्राचार्य गणतंत्र मेहता के निर्देशन में छात्राओं ने बिजली उत्पादन संयंत्र की कार्य प्रणाली को समझा। यहां छात्राओं ने स्थितिज ऊर्जा, गतिज ऊर्जा, यांत्रिक ऊर्जा और विद्युत ऊर्जा के विभिन्न चरणों को समझते हुए कार्य प्रणाली से संबंधित प्रश्न भी किए। भ्रमण के दौरान छात्राओं ने ऑटोमेटेड वेदर स्टेशन, वर्षा मापक कार्यप्रणाली, माही डेम जल भराव क्षमता, बोटैनिकल गार्डन में विभिन्न शैक्षणिक बिंदुओं को देखा और समझा। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में सुप्रसिद्ध त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में दर्शन लाभ भी लिया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक भी मौजूद थे।




