सैलाना नगर के खाकी बाबा हनुमान मंदिर से प्रारंभ हुई विशाल आमंत्रण वाहन रैली, व्यवसाय बंद रखने का किया आग्रह 

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

सैलाना नगर के खाकी बाबा हनुमान मंदिर से प्रारंभ हुई विशाल आमंत्रण वाहन रैली, व्यवसाय बंद रखने का किया आग्रह

सैलाना नगर में रविवार को होगा भव्य हिन्दू सम्मेलन, तैयारियां हुई पूर्ण

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम, ब्यूरो चीफ कृष्णकांत मालवीय।

रतलाम- (Ratlam) जिले के सैलाना नगर में सनातन धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भव्य हिन्दू सम्मेलन का आयोजन 11 जनवरी रविवार को किया जा रहा है। सम्मेलन को लेकर सैलाना नगर में उत्साह और उमंग का वातावरण बना हुआ है। आयोजन स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया है तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं।

सम्मेलन में सनातन परंपराओं, भारतीय संस्कृति, सामाजिक एकता एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर विद्वान संतों, धर्माचार्यों एवं समाजसेवियों द्वारा विचार व्यक्त किए जाएंगे। साथ ही समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर कर एकजुट होकर धर्म और संस्कृति की रक्षा करने का आह्वान किया जाएगा।आयोजन को लेकर नगर परिषद एवं आयोजन समिति द्वारा साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, यातायात एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है। प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

हिन्दू सम्मेलन में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों ने सैलाना नगर सहित क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सम्मेलन को सफल बनाएं और सनातन संस्कृति के संरक्षण में अपनी सहभागिता निभाएं। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं धर्मोपदेश भी होंगे, जिससे उपस्थित जनसमूह को आध्यात्मिक और वैचारिक मार्गदर्शन प्राप्त होगा। सम्मेलन को लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

खाकी बाबा हनुमान मंदिर से प्रारंभ हुई विशाल आमंत्रण वाहन रैली-

सैलाना नगर में आयोजन के एक दिन पहले सम्मेलन के आमंत्रण को लेकर नगर में विशाल आमंत्रण वाहन रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ शिवगढ़ रोड खाकी बाबा हनुमान मंदिर, सैलाना से प्रारंभ हुआ। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहाँ बैनर-पोस्टर एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से नगरवासियों को कार्यक्रम में सम्मिलित होने का आमंत्रण दिया गया। साथ ही रविवार को अपना अपना व्यवसाय बंद रखने का आग्रह किया। रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे नगर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *