रतलाम में रामचरितमानस पाठ के दौरान मंदिर में आया वानर, समिति ने बताया साक्षात बालाजी का है, रूप
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम, सीटी रिपोर्टर मोहित शर्मा।
रतलाम- (Ratlam) मध्य प्रदेश के रतलाम शहर से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। शहर के अमृत सागर तालाब के समीप स्थित श्री अयोध्या नाथ मंदिर में रामचरितमानस का पाठ चल रहा था, तभी वहां एक अनोखा दृश्य देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार, जैसे ही रामचरितमानस का पाठ प्रारंभ हुआ, उसी दौरान एक वानर मंदिर परिसर में आकर शांत भाव से बैठ गया। कुछ ही देर बाद वह पाठ कर रहे पुजारी की गोद में जाकर भी बैठ गया। इस दौरान मंदिर में मौजूद श्रद्धालु इस दृश्य को देखकर आश्चर्यचकित रह गए। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मंदिर समिति के सदस्य शैलेंद्र सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके अनुसार यह कोई सामान्य वानर नहीं है, बल्कि इसे लोग बालाजी के साक्षात स्वरूप के रूप में देख रहे हैं। उनका कहना है कि वानर कई बार वहां मौजूद भक्तों की गोद में जाकर बैठता है और मंदिर के गर्भगृह में विराजमान भगवान श्री राम की प्रतिमा के दर्शन कर चरण स्पर्श भी करता है। फिलहाल यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। श्रद्धालु इसे आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचकर इस दृश्य को देखने की बात भी कर रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, वानर अभी भी मंदिर परिसर में मौजूद बताया जा रहा है।




