सैलाना नगर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, गैस, बिजली व समर्थन मूल्य को लेकर सौंपा ज्ञापन

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (Ratlam) बढ़ती महंगाई, गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि, बिजली दरों में बढ़ोतरी, गेहूं के समर्थन मूल्य में कमी एवं पेट्रोल-डीजल की किल्लत जैसे मुद्दों को लेकर जिले के सैलाना नगर में मंगलवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी एसडीएम तरुण जैन की अनुपस्थिति में नायब तहसीलदार महमूद अली को सौंपा गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत ने किया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुरानी नगर पालिका से रैली निकालते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुलिस थाना परिसर पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की।
ज्ञापन का वाचन हर्ष विजय गेहलोत द्वारा करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के कारण आमजन और किसान दोनों ही महंगाई की मार से त्रस्त हैं। हाल ही में गैस सिलेंडर के दामों में की गई वृद्धि से आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ गया है, वहीं कई स्थानों पर गैस की पर्याप्त उपलब्धता भी नहीं हो पा रही है। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी को लेकर भी कांग्रेस ने नाराजगी जताई। नेताओं का कहना है कि इससे आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे व्यापारियों और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
किसानों के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए ज्ञापन में बताया गया कि असमय बारिश एवं ओलावृष्टि से फसलें खराब हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक किसानों को न तो उचित मुआवजा मिला है और न ही बीमा क्लेम का भुगतान किया गया है। साथ ही मध्यप्रदेश में गेहूं का समर्थन मूल्य अन्य राज्यों की तुलना में कम होने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
गेहलोत ने यह भी आरोप लगाया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तिथि बार-बार आगे बढ़ाई जा रही है, जिससे किसानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने में परेशानी हो रही है। वहीं पेट्रोल और डीजल की कमी से आमजन और किसान दोनों प्रभावित हो रहे हैं। गेहलोत ने मांग की है कि गैस सिलेंडर एवं बिजली दरों में की गई वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए, किसानों को प्राकृतिक आपदा का मुआवजा एवं बीमा राशि शीघ्र प्रदान की जाए, गेहूं का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 2700 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए तथा पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।




